अमरोहा
जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गजरौला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब दिल्ली की ओर जा रही एक वैगनआर कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
हादसे में जान गंवाने वालों में कार चालक मोहम्मद सलमान शामिल हैं, जो रामपुर के पंखेवालान गेट बमनपुरी क्षेत्र के रहने वाले थे। सलमान टैक्सी सेवा में वैगनआर कार चलाते थे। मृतकों में तीन अन्य युवकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार दूसरे प्रदेश के पांच युवक दिल्ली जाने की तैयारी में थे, लेकिन रामपुर में उनकी ट्रेन छूट गई थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली पहुंचने के लिए सलमान की वैगनआर कार किराये पर ली थी। बुधवार सुबह करीब चार बजे जब कार गजरौला के ख्यालीपुर ढाल से करीब 200 मीटर आगे पहुंची, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से अचानक कार की टक्कर हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार सीधे वाहन के पीछे घुस गई, जिससे उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में कार चालक मोहम्मद सलमान समेत चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हसनैन और समेतुल इस्लाम नामक दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मनोज कुमार ने बताया कि तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, इसलिए उनके शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे कहां के रहने वाले थे और किस उद्देश्य से दिल्ली जा रहे थे। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


