37 C
Lucknow
Tuesday, May 19, 2026

तालाब में मिले युवक के शव मामले में नया मोड़

Must read

कोर्ट के आदेश पर चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज, ग्राम मुजहा में मचा हड़कंप

अमृतपुर/फर्रुखाबाद

थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम मुजहा में युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कई माह पहले तालाब में मिले युवक के शव के मामले में न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज होते ही गांव में हड़कंप मच गया है, जबकि पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्राम मुजहा निवासी गंगाश्री पत्नी कल्लू ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव के ही अरविंद सिंह, अरुण सिंह, सुमित और नीलम उनके परिवार से पुरानी रंजिश रखते हैं। आरोप है कि 3 अक्टूबर 2025 की रात करीब 9 बजे चारों आरोपी उनके पुत्र रजनेश को जबरन पकड़कर गांव से ले गए थे। उस समय गांव की कुछ महिलाओं ने भी आरोपियों को युवक को ले जाते देखा था। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में उसे तालाब में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अगले दिन युवक का शव तालाब में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। मृतक की मां का कहना है कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन प्रभावशाली लोगों के दबाव में मामले में कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने और आत्महत्या साबित करने के लिए साजिश रची गई। आरोप है कि मृतक के पिता के कोरे कागज पर अंगूठा लगवाकर गलत बयान तैयार किए गए और पूरे मामले को दूसरी दिशा देने का प्रयास किया गया। परिवार लगातार कार्रवाई की मांग करता रहा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मृतक की मां ने बताया कि उसने पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आखिरकार न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए अमृतपुर थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए। न्यायालय के आदेश के बाद एनसीआरबी आईआईएफ-1 के तहत चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है।घटना के बाद ग्राम मुजहा में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो कई अहम खुलासे हो सकते हैं। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article