– निबंधक रजिस्ट्रार और ऑपरेटर के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा
– मामले में तहसील सदर में गोलमाल किये जाने के आरोप
फर्रुखाबाद। धोखाधड़ी के मामले में समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुबोध यादव को अपने व्यान दर्ज कराने को पुलिस नें सूचित किया है । न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे की जांच कर रही पुलिस ने उनके आवास पर नोटिस चस्पा करते हुए दो दिनों के भीतर बयान दर्ज कराने के लिए उपस्थित होने को कहा है।
जानकारी के मुताबिक, मामला सदर तहसील से जुड़े अधिकारियों पर लगाए गए गंभीर आरोपों से संबंधित है। सपा नेता सुबोध यादव, जो एटा जनपद के अलीगंज से पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के पुत्र हैं, ने बीती 12 मई को कोर्ट के निर्देश पर मऊ दरवाजा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे में सदर तहसील के उपनिबंधक रविकांत और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप सक्सेना पर धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। विवेचक पुलिस टीम के साथ सुबोध यादव के जेएनबी रोड स्थित आवास पहुंचे, लेकिन घर बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा कर दिया।
पुलिस की ओर से जारी नोटिस में सुबोध यादव को दो दिनों के भीतर उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराने और जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही घटनास्थल के निरीक्षण में सहयोग करने को भी कहा गया है।
मऊ दरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नोटिस विधिक प्रक्रिया के तहत जारी किया गया है और समय सीमा के भीतर उपस्थित न होने पर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।


