32 C
Lucknow
Sunday, May 17, 2026

अंशकालिक अनुदेशकों का सम्मान समारोह, बढ़े हुए मानदेय वितरण का हुआ शुभारंभ

Must read

 

फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण के शुभारंभ के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अंशकालिक अनुदेशकों के योगदान को सम्मान देना तथा प्रदेश सरकार द्वारा उनके हित में लिए गए निर्णयों और योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर तथा मुख्य विकास अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अंशकालिक अनुदेशकों की भूमिका, सरकार की योजनाओं और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों पर प्रस्तुति दी गई। समारोह में लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

अपने संबोधन में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि अनुदेशक उच्च प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में पहले 7 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किए गए मानदेय को अब बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इस निर्णय से जनपद फर्रुखाबाद के 234 अंशकालिक अनुदेशक सीधे लाभान्वित होंगे।

उन्होंने बताया कि मानदेय वृद्धि के बाद जनपद में कुल व्यय 21.06 लाख रुपये से बढ़कर 39.78 लाख रुपये हो गया है, जिससे अनुदेशकों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना और महिला अनुदेशकों को 360 दिवस के मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकास खंड से तीन-तीन सहित कुल 21 अंशकालिक अनुदेशकों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। सम्मानित अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला है।
समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार, नवाचार और विकास कार्य कर रही है, जिससे आने वाली पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article