– 60 साल बाद पूरा यूडीएफ मंत्रिमंडल एक साथ लेगा शपथ
तिरुवनंतपुरम। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के नेतृत्व में केरल में नई सरकार के गठन की तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। यूडीएफ नेता वीडी सतीशन ने रविवार को घोषणा करते हुए बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा।
सबसे खास बात यह है कि करीब 60 वर्षों बाद ऐसा होने जा रहा है, जब पूरा यूडीएफ मंत्रिमंडल एक साथ शपथ लेगा। जानकारी के अनुसार वीडी सतीशन सहित कुल 21 मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
वीडी सतीशन ने बताया कि राज्यपाल को 20 मंत्रियों की सूची पहले ही सौंप दी गई है और उनका नाम जोड़ने के बाद मंत्रिमंडल की कुल संख्या 21 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान की मंजूरी मिलने के बाद ही अंतिम सूची राज्यपाल को भेजी गई।
नई कैबिनेट के गठन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संतुलन साधने की भी चर्चा रही। वीडी सतीशन ने कहा कि कई ऐसे नेता थे जो मंत्री बनने के योग्य थे, लेकिन क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सभी को शामिल करना संभव नहीं हो पाया।
उन्होंने संकेत दिए कि नई सरकार में विभिन्न क्षेत्रों और समाज के अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यूडीएफ ने आगामी राजनीतिक परिस्थितियों और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन किया है।


