पटना/आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे (Purvanchal Expressway) पर शनिवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बिहार (Bihar) से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चियां और एक महिला भी शामिल हैं।
यह भीषण हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 238 के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार लगभग 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि खड़े ट्रेलर से टकराते ही कार का अगला हिस्सा और छत पूरी तरह पिचक गए। कार का केबिन और सीटें बुरी तरह तबाह हो गईं। हादसे के बाद क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटाना पड़ा। जिस ट्रेलर से टक्कर हुई, उस पर राजस्थान का नंबर दर्ज है।
पुलिस को तलाशी के दौरान मौके से मनीष श्रीवास्तव नाम की एक आईडी मिली है, जिसके आधार पर मृतकों की पहचान की जा सकी। मारे गए लोग बिहार के सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:


