मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख सहायता देने का ऐलान
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर थाना क्षेत्र में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ में इलाज के दौरान सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से उनके गृह जनपद देवरिया ले जाया जा रहा था। रविवार सुबह करीब 8 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 किलोमीटर के पास एंबुलेंस की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। इसके बाद अनियंत्रित एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।
दुर्घटना में एंबुलेंस चालक जसपाल, सूबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह, भाई रामसमुझ सिंह और परिवार से जुड़े राजन चौधरी की मौत हो गई। रिपोर्टों के अनुसार चालक और एक अन्य व्यक्ति की मौत मौके पर हुई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा।


