मेला श्री रामनगरिया की डिजिटल ब्रांडिंग संभालने वाले अभिनय दीक्षित सम्मानित
अपरा काशी फर्रुखाबाद और पांचाल घाट की संस्कृति को विश्व पटल पर पहुंचाने के प्रयास की सराहना यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद: मेला श्री रामनगरिया की भव्य और आधुनिक वेबसाइट तैयार कर अपरा काशी फर्रुखाबाद तथा पांचाल घाट की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने वाले युवा प्रतिभाशाली अभिनय दीक्षित को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर द्वारा सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और पर्यटन को विश्व स्तर तक पहुंचाना अत्यंत सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम आज संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने का सशक्त साधन बन चुका है। अभिनय दीक्षित द्वारा मेला श्री रामनगरिया की वेबसाइट के साथ-साथ मेले का आधिकारिक लोगो भी तैयार किया गया। इसके अलावा उन्होंने मेले के सोशल मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालते हुए मेले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों, सांस्कृतिक गतिविधियों और विशेष क्षणों को डिजिटल माध्यमों के जरिए लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में मेला श्री रामनगरिया पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री वीडियो भी प्रदर्शित किया गया, जिसकी जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सराहना की। इस डॉक्यूमेंट्री में मेला श्री रामनगरिया की भव्यता, पांचाल घाट की पावन परंपराएं, धार्मिक महत्व और फर्रुखाबाद की सांस्कृतिक पहचान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। अभिनय दीक्षित द्वारा तैयार की गई वेबसाइट में मेला श्री रामनगरिया की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक महत्व, पांचाल घाट की पावन परंपराएं, सांस्कृतिक गतिविधियां और मेले से जुड़ी विभिन्न जानकारियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
इससे देश-विदेश के लोग फर्रुखाबाद की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और अपरा काशी की महिमा को बेहतर ढंग से जान सकेंगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अभिनय दीक्षित के इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि अपनी तकनीकी प्रतिभा को संस्कृति और समाज के हित में उपयोग करे तो जनपद की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
सम्मान मिलने पर अभिनय दीक्षित ने जिलाधिकारी एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य फर्रुखाबाद की सांस्कृतिक विरासत और श्री रामनगरिया मेले की भव्यता को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक और जनपद की पहचान को आगे बढ़ाने वाले कार्य करते रहने की बात कही।


