लखनऊ। गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में युवती रत्ना के सुसाइड मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। सुसाइड से पहले बनाया गया युवती का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए होटल विरासत और मानसून सैलून को सीज कर दिया है।
वायरल वीडियो में रत्ना ने मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में उसने होटल विरासत के मालिक शरद सिंह और एक सैलून संचालक पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच तेज कर दी गई।
इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने होटल विरासत को सीज कर दिया, वहीं मानसून सैलून पर भी शिकंजा कसते हुए उसे बंद करा दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस अब वायरल वीडियो, कॉल डिटेल, CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ा संवेदनशील मुद्दा बन गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।


