– छात्रों-वॉर्डन में मारपीट के बाद हाईवे जाम
लखनऊ। बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी में देर रात भारी बवाल हो गया। हॉस्टल मेस में रोटी लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हॉस्टल वॉर्डन ने एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके बाद गुस्साए छात्रों ने भी वॉर्डन को घेरकर जमकर पीटा।
घटना के बाद पूरे कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ की और जमकर हंगामा काटा। मामला इतना बढ़ गया कि बड़ी संख्या में छात्र लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हॉस्टल प्रशासन और छात्रों के बीच पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। देर रात हुई घटना के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
सूत्रों के अनुसार, उच्चाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद मामला शांत कराया गया। फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन पूरे प्रकरण की जांच की बात कह रहा है।
बताया जा रहा है कि बीबीडी हॉस्टल प्रशासन पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रह चुका है। छात्रों ने हॉस्टल व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। घटना के बाद कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।


