मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हू पट्टिया में बारात के दौरान रंग डालने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
मृतक की मां रानी देवी पत्नी स्वर्गीय जवाहरलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 मई 2026 को गांव में बारात आई थी। आरोप है कि 13 मई की रात करीब एक बजे बारात विदा होने के दौरान उनके पुत्र सुरजीत का बारातियों पर रंग डालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट होने लगी।
तहरीर के अनुसार, महेश, दिनेश पुत्रगण भारत सिंह, इंद्रजीत पुत्र सुरेश चंद्र, विकास, शिवम पुत्रगण दिनेश, विजय पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम कन्हू पट्टिया थाना मोहम्मदाबाद तथा धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र निवासी ग्राम लऊ नगला थाना भोगांव जनपद मैनपुरी ने मिलकर सुरजीत के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक को घर के कमरे में ले जाकर भी पीटा गया और बाहर से गेट बंद कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। बताया गया कि जब गेट खोला गया तो सुरजीत कमरे के अंदर छत के कुंडे से गमछे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 191(2), 333, 127(2) एवं 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पिकेट भी तैनात कर दी गई है।


