फर्रुखाबाद संवाददाता।
जनपद के नवाबगंज क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत वीरपुर के मजरा बिरसिहपुर में बदहाल कच्ची सड़क और जलभराव ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। पिछले छह महीनों से मुख्य मार्ग पर गंदा पानी, कीचड़ और गहरे गड्ढों का साम्राज्य कायम है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और ग्राम पंचायत की उदासीनता के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रमेश के मकान से लेकर सुरेश के मकान तक जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह कच्चा है, जहां न तो सड़क का निर्माण कराया गया है और न ही नाली की कोई व्यवस्था है। नतीजतन घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर ही बह रहा है, जिससे रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। हालात इतने बदतर हैं कि पैदल चलना तक दूभर हो गया है।
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इसी मार्ग से छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं। कीचड़ और गहरे गड्ढों के बीच रोजाना गुजरना उनके लिए खतरे से खाली नहीं है। किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पीड़ित ग्रामीण मनोज कुमार, बृजेश सिंह, गोविंद, पुष्पेंद्र और आशीष सहित कई लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान श्याम बाबू और पंचायत सचिव से शिकायत की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने आखिरकार मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव का मुख्य मार्ग है, बावजूद इसके यहां की स्थिति बेहद दयनीय है। लोग कीचड़ और बदबू के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क और नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।


