30 C
Lucknow
Tuesday, May 12, 2026

संकिसा रोड पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल

Must read

मोहम्मदाबाद: संकिसा रोड पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहली घटना में मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नूननगर निवासी 21 वर्षीय सुचेंद्र पुत्र चंद्रपाल तथा अक्षय कुमार पुत्र हरिकिशन बाइक से मोहम्मदाबाद में अपने रिश्तेदार को देखकर वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि मुरान गांव के पास सामने से आ रही एक पिकअप ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। पिकअप चालक घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाकर वाहन सहित वहां से चला गया।
दूसरी घटना में जनपद के पंचालनगर निवासी 40 वर्षीय कुंवर सिंह पुत्र राजबहादुर अपनी पत्नी रीता के साथ मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर से वापस लौट रहे थे। पखना चौराहे के पास अचानक बाइक के सामने कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल 108 एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया।
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जितेंद्र यादव ने सभी घायलों का उपचार किया। घायल अक्षय कुमार की हालत गंभीर होने तथा फ्रैक्चर की आशंका के चलते उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article