लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से की गई अपील को लेकर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) लगातार हमलावर हैं, जिसे लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया है। ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने कहा, राहुल गांधी जी और अखिलेश यादव जी को अब समझ लेना चाहिए कि आप दोनों की मानसिकता ही नकारात्मक हो गई है, फिर चाहे मुद्दा राष्ट्रहित का ही क्यों न हो।
आगे डिप्टी सीएम ने कहा, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देशहित में अपने राष्ट्र के प्रिय परिवारीजनों से कुछ समय के लिए सीमित संसाधनों का उपयोग करने की विनम्र अपील की तो नकारात्मक मानसिकता से ग्रसित आप दोनों नेताओं की राजनीतिक कुंठा, हताशा और निराशा बाहर आ गई. अनर्गल बयानबाजी शुरु कर दी। प्रधानमंत्री जी ने प्रिय देशवासियों से अपनी अपील में स्पष्ट किया है कि जहां तक संभव हो, Work From Home को प्राथमिकता दें।
एक साल तक सोना खरीदने से बचें. पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए मेट्रो से सफर करें। पार्सल रेल से भेजें और कार का कम इस्तेमाल करें. खाने के तेल का भी कम उपयोग करें। रासायनिक खाद का इस्तेमाल आधा करें और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ें। विदेशी ब्रांडेड उत्पादों का उपयोग कम करें और स्वदेशी को अपनाएं एवं एक साल तक विदेशों की यात्रा कम करें।
आइए, हम सब मिलकर तेल आयात पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा बचाने का संकल्प लें। हफ्ते में एक दिन कारपूल करना हो या EV अपनाना, आपका हर छोटा कदम देशहित में बड़ा योगदान है। गैस चूल्हे की जगह इंडक्शन का उपयोग और घर पर सोलर पैनल लगाना एक बेहतरीन शुरुआत हो सकती है।


