कायमगंज/फर्रुखाबाद
तहसील परिसर में सोमवार को किसी कार्य को लेकर पहुंचे एक किसान और क्षेत्रीय लेखपाल के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी, जिससे तहसील परिसर में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। मामला चौकी पुलिस तक पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान किसी कार्य से तहसील पहुंचा था। बताया गया है इसी दौरान किसी बात को लेकर किसान और लेखपाल के बीच विवाद हो गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। यह मामला प्रभारी तहसीलदार हर्षित के संज्ञान में पहुंचा। इसके बाद तहसीलदार चैंबर में लेखपाल विवेक यादव किसान को लेकर पहुंचा। जहां बातचीत के दौरान प्रभारी तहसीलदार के सामने ही लेखपाल ने उग्र होकर किसान के साथ हाथापाई शुरू कर दी। वहां मौजूद अन्य लेखपालो के द्वारा बीचबचाव कराया गया। इसके बाद तहसीलदार की सुरक्षा में लगे होमगार्डों के साथ किसान को पकड़कर कस्बा चौकी में बैठा दिया। कुछ देर बाद ही चौकी परिसर में लेखपालों की भीड़ एकत्रित हो गई।
प्रभारी तहसीलदार हर्षित ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की जानकारी मिली थी। मामले को शांत कराने और आपसी सहमति से निस्तारण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया किसी बात को लेकर एक व्यक्ति की लेखपाल से कहासुनी हो गई थी। आपस में समझौता हो गया है।
तहसीलदार चैंबर में किसान और लेखपाल के बीच हाथापाई, पुलिस तक पहुंचा मामला


