मोहम्मदाबाद। इटावा बरेली पर खाटूश्याम ढाबे के पास 9 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अपाचे चालक ने पैदल जा रहे एक युवक को भी टक्कर मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव जंगपुरा निवासी रामलड़ैते ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी गिरजा देवी, मामा के बेटे अभय उर्फ ऋषभ, पिता अनार सिंह, चचेरे भाई राजू तथा परिवार के अन्य लोगों के साथ अलग-अलग वाहनों से बेवर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी गिरजा देवी अपने देवर रिंकू के साथ बाइक पर सवार होकर आगे चल रही थीं। आरोप है कि सामने से आ रही अपाचे बाइक संख्या यूपी 84 एवी 6275 के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क की दूसरी ओर आकर रिंकू की बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर में गिरजा देवी के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके बाद हड़बड़ाहट में अपाचे चालक ने पैदल पीछे चल रहे अभय उर्फ ऋषभ को भी टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से अभय की भी मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने अपाचे चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लोग घायलों की देखरेख में लग गए और चालक बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। मृतका के पति ने बताया कि पत्नी के अंतिम संस्कार में व्यस्त होने के कारण घटना की सूचना देने में देरी हुई।
पीड़ित ने पुलिस को अपाचे बाइक चालक का फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराने की बात कही है। थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


