33.3 C
Lucknow
Wednesday, August 12, 2026

देर रात किराना दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Must read

फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव गूजरपुर में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बदायूं मार्ग स्थित एक किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों की सतर्कता और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार गांव गूजरपुर निवासी अजय कुमार की गांव के बाहर बदायूं रोड पर किराना की दुकान है। शनिवार देर रात करीब ढाई बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर अजय कुमार बाहर निकले तो दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए सबमर्सिबल, हैंडपंप और पंपिंग सेट के सहारे आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग लगातार बढ़ती जा रही थी, जिससे कुछ देर के लिए आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
दुकानदार अजय कुमार ने बताया कि आग से दुकान में रखा धनिया, रिफाइंड, चीनी, गेहूं, माचिस, बादाम, काजू, चिरौंजी, इलायची समेत बड़ी मात्रा में किराना सामान जल गया। इसके अलावा दुकान में रखे दो फ्रीजर और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गईं। अनुमान है कि आग से करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं आग लगने के कारणों का देर रात तक पता नहीं चल सका। ग्रामीणों ने बिजली शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article