चेन्नई। तमिलनाडु में पिछले कई दिनों से चला आ रहा सियासी असमंजस आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गया। तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने 120 से अधिक विधायकों के समर्थन के साथ राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। इसके बाद अब विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। विजय आज सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नई कैबिनेट के कई मंत्री भी शपथ ग्रहण कर सकते हैं।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है, जबकि टीवीके गठबंधन के पास अब कुल 121 विधायकों का समर्थन पहुंच चुका है। टीवीके को कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीसीके और आईयूएमएल जैसे दलों का समर्थन मिला है। सबसे पहले कांग्रेस ने समर्थन दिया, जिसके बाद वामपंथी दलों और वीसीके ने भी समर्थन पत्र सौंपकर राजनीतिक तस्वीर साफ कर दी।
राजभवन पहुंचने के दौरान विजय के साथ कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस संयुक्त शक्ति प्रदर्शन को नई सरकार के गठन की औपचारिक मुहर माना जा रहा है। पिछले चार दिनों में राज्यपाल के साथ विजय की यह चौथी महत्वपूर्ण मुलाकात थी। लगातार चल रही राजनीतिक खींचतान और बहुमत के आंकड़े को लेकर बने संशय के बाद शनिवार को स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई।
टीवीके के पास अपने 108 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 5, भाकपा और माकपा के 2-2, वीसीके के 2 तथा आईयूएमएल के 2 विधायकों के समर्थन से गठबंधन का आंकड़ा 121 तक पहुंच गया। बहुमत से अधिक समर्थन मिलने के बाद अब विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने जा रही है। विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर के बाद चेन्नई समेत राज्यभर में उनके समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है।


