32 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

गंगा घाटों पर अब बिना पंजीकरण नहीं चलेगी नाव, प्रशासन सख्त

Must read

नाविक, गोताखोर, पंडित-पुजारी और दुकानदारों का शुरू हुआ सत्यापन अभियान
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
फर्रुखाबाद। गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और घाट संचालन को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर घाटों पर नाविकों, गोताखोरों, पंडित-पुजारियों और दुकानदारों के अनिवार्य पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना पंजीकरण घाटों पर गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला गंगा समिति के तत्वावधान में घाट संचालन समिति का गठन किया गया, जिसके माध्यम से घाटों पर मौजूद सभी नाविकों, गोताखोरों, दुकानदारों और पुजारियों को पंजीकरण से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान कई लोगों ने अपना पंजीकरण भी कराया। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार घाटों पर कार्य करने वाले सभी लोगों के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है और सत्यापन के बाद ही पंजीकरण मान्य माना जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद सभी को पहचान पत्र और पंजीकरण संख्या उपलब्ध कराई जाएगी। घाटों पर तैनात गोताखोरों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से अंकित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके। वहीं नाविकों की नावों पर भी नाविक का नाम, मोबाइल नंबर और क्रमांक संख्या दर्ज कराई जाएगी।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। पंजीकरण के बाद नावों में लाइफ जैकेट रखवाई गईं और अन्य नाविकों को भी सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पूर्व में कई जिलों में नाव पलटने जैसी दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसलिए अब सुरक्षा नियमों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निहारिका पटेल ने बताया कि अब तक 24 नाविक अपना पंजीकरण करा चुके हैं और शेष लोगों का पंजीकरण अभियान लगातार जारी है। यह पंजीकरण एक वर्ष के लिए मान्य रहेगा, जिसके बाद नवीनीकरण कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान के दौरान एडीओ पंचायत ओम पांडेय, पंचायत सचिव अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article