
फर्रुखाबाद। विजय, शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार को फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा का लोकार्पण प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना और फीता खींचकर किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर महाराणा प्रताप अमर रहें और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
समारोह में जिले के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मंच को फूल-मालाओं और भगवा सजावट से विशेष रूप से सजाया गया था। बड़ी संख्या में पहुंचे महाराणा समर्थकों और आम लोगों की भीड़ के चलते रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र पूरी तरह खचाखच भरा नजर आया।
कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर में कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। रोडवेज बस स्टैंड के आसपास वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई, जिससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही। ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था संभालते रहे।
अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने महाराणा प्रताप को राष्ट्र गौरव और संघर्ष की प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, पराक्रम और मातृभूमि के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को महाराणा प्रताप के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
समारोह में मौजूद समर्थकों ने कहा कि फर्रुखाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित होना समाज के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं और कई अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।






