27 C
Lucknow
Friday, May 8, 2026

बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे शुभेंदु अधिकारी, आज लेंगे शपथ

Must read

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भाजपा विधायक दल की अहम बैठक में वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह फैसला लिया गया, जिसके बाद शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित शाह ने औपचारिक रूप से शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया। अमित शाह ने कहा कि बैठक में सभी प्रस्ताव एक ही नाम के पक्ष में आए और किसी दूसरे नाम का प्रस्ताव सामने नहीं आया।

बैठक से पहले अमित शाह ने कोलकाता स्थित दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ सरकार गठन, मंत्रिमंडल की संरचना और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की। सूत्रों के अनुसार नए मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भाजपा पहली बार पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने जा रही है, इसलिए पार्टी इसे ऐतिहासिक आयोजन के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 206 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। वर्ष 2021 के चुनाव में भाजपा को केवल 77 सीटें मिली थीं, लेकिन इस बार पार्टी ने बड़ी बढ़त हासिल करते हुए पहली बार बंगाल की सत्ता तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article