चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सरकार बनाने का न्योता दे दिया है। इसके बाद अब विजय आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शुक्रवार को विजय तीसरी बार राजभवन पहुंचे और समर्थन पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
राज्य में सरकार गठन को लेकर पूरे दिन राजनीतिक हलचल तेज रही। कांग्रेस और वामपंथी दलों के समर्थन के बाद टीवीके बहुमत के आंकड़े तक पहुंचती दिखाई दी। टीवीके ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सभी को चौंका दिया। सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की जरूरत थी, जिसके लिए विजय लगातार सहयोगी दलों से संपर्क बनाए हुए थे।
कांग्रेस, वीसीके, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और माकपा ने विजय को समर्थन देने का फैसला किया है। कांग्रेस के पांच विधायक, जबकि सीपीआई, सीपीएम और वीसीके के दो-दो विधायकों के समर्थन से टीवीके का आंकड़ा बहुमत के करीब पहुंच गया। माकपा ने आधिकारिक पत्र जारी कर समर्थन की घोषणा की, जबकि सीपीआई ने स्थिर और धर्मनिरपेक्ष सरकार के नाम पर समर्थन दिया है।
सूत्रों के अनुसार नई सरकार में कांग्रेस भी शामिल हो सकती है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने संकेत दिए हैं कि पार्टी को दो मंत्री पद और एक राज्यसभा सीट की पेशकश की गई है। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। सरकार गठन को लेकर मंत्री पदों और विभागों पर बातचीत जारी है।
विजय ने इस चुनाव में चेन्नई की पेरांबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और कई स्थानों पर जश्न का माहौल बना हुआ है।


