सहारनपुर
जनपद के अंबेहटा नगर में आवारा कुत्तों के आतंक ने एक पशुपालक को भारी नुकसान पहुंचा दिया। नगर के मोहल्ला किला निवासी प्रितम पुत्र मुसद्दी के बाड़े में मंगलवार देर रात खूंखार कुत्ते घुस गए और भेड़ों पर हमला बोल दिया। इस दर्दनाक घटना में 110 भेड़ों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित प्रितम ने बताया कि वह रोज की तरह रात में भेड़ों के बाड़े के पास ही सो रहा था। देर रात बारिश शुरू होने पर वह पास के कमरे में जाकर लेट गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने आकर सूचना दी कि बाड़े में कुत्ते घुस गए हैं। जब वह मौके पर पहुंचा तो वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। बाड़े के एक कोने में मृत भेड़ों का ढेर लगा हुआ था।
बताया गया कि कुत्तों ने करीब 20 से 25 भेड़ों के गले काट दिए, जबकि बाकी भेड़ें भगदड़, दम घुटने और दहशत के कारण मर गईं। पशुपालक के अनुसार इस घटना से उसे करीब 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने नगर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर नाराजगी जताई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन पशुओं और लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं।


