– सीएम योगी ने अधिकारियों को मौके पर भेजा
अयोध्या। सरयू नदी में तीन लोगों के डूबने की घटना से हड़कंप मच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासन और राहत एजेंसियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि नदी में लापता लोगों की तलाश युद्धस्तर पर की जाए और हर संभव संसाधन मौके पर लगाए जाएं। स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस टीमों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए साफ कहा कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार मॉनिटरिंग करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद सरयू घाट क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई। प्रशासन लगातार माइकिंग कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा नदी में नहाने के दौरान हुआ, हालांकि प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है।


