दिल्ली
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी कल हरियाणा दौरे पर जाएंगे। वह पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह की ओर से निकाली जा रही “सद्भाव यात्रा” में गुरुग्राम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बृजेंद्र सिंह पिछले लगभग 6 महीनों से पूरे प्रदेश में सद्भाव यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा के जरिए सामाजिक सौहार्द, किसानों के मुद्दे, बेरोजगारी और ग्रामीण समस्याओं को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अब राहुल गांधी के शामिल होने से इस यात्रा को राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक मजबूती मिलने की चर्चा तेज हो गई है।
कांग्रेस संगठन भी इस कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुग्राम समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि यह यात्रा प्रदेश में राजनीतिक माहौल बदलने का काम करेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हरियाणा में लगातार बढ़ती सियासी हलचल के बीच राहुल गांधी का यह दौरा आगामी चुनावी रणनीति का संकेत भी माना जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व राज्य में संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की कोशिशों में जुटा हुआ है।
राहुल गांधी कल गुरुग्राम में सद्भाव यात्रा में होंगे शामिल


