हमीरपुर
सुमेरपुर विकासखंड स्थित छानी खुर्द गांव में रविवार को लोकभारती मानव सेवा संस्थान द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इस आयोजन में कुल 17 जोड़ों का विधिवत पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।
सुबह करीब आठ बजे से ही वर और वधू पक्ष के लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। एक निजी विवाहगृह में लगभग 11 बजे से विवाह की रस्में शुरू हुईं, जहां सभी जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए।
इस सामूहिक विवाह में पूजा-अनुज कबीर, साधना देवी-सुनील, सोमवती-जगभान, चांदनी-अमित, काजल-नरेंद्र, जयंती देवी-अशोक, माधुरी नामदेव-श्यामू, शिखा तिवारी-मनीष तिवारी, कोमल-राजकुमार, सीमा-संदीप, प्रांशी-अरविंद, रोशनी-उमेश कुमार, मोहनी-चंद्रशेखर, संगीता-मूलचंद और जिंशी-कृष्णा कुमार सहित कुल 17 जोड़ों का विवाह कराया गया।
आयोजकों के अनुसार, विवाह के लिए दोनों पक्षों से 1100-1100 रुपये का पंजीकरण शुल्क लिया गया था। कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के उपयोगी सामान जैसे अलमारी, कूलर, गैस चूल्हा, कुर्सियां, बक्सा, प्रेस, सूटकेस और चांदी के आभूषण उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मनोज प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के संयोजक राहुल साहू थे, जबकि आयोजन में दीपक साहू, मैयादीन साहू, अरुण कुमार वर्मा, प्रदीप साहू, अयूब खान, विपिन चौधरी और पवन शिवहरे सहित कई लोगों ने सहयोग किया।
हालांकि, आयोजन स्थल छोटा होने के कारण भीड़भाड़ की स्थिति बन गई। प्रत्येक पक्ष से 50 लोगों की अनुमति के बावजूद करीब 1500 से अधिक लोग पहुंच गए, जिससे अव्यवस्था फैल गई। साथ ही भारी संख्या में वाहनों के कारण आम लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


