फर्रुखाबाद/लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आयोजित क्लस्टर-4 अंडर-15 बालक फुटबॉल टूर्नामेंट में आर्मी पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में फतेहगढ़ की टीम ने आर्मी पब्लिक स्कूल, बरेली को 3–2 के रोमांचक अंतर से पराजित कर ट्रॉफी जीत ली।
टूर्नामेंट का आयोजन आर्मी पब्लिक स्कूल, एल.बी.एस. मार्ग, लखनऊ में किया गया, जिसमें फतेहगढ़, बरेली और लखनऊ की टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट में फतेहगढ़ की टीम ने अनुशासन, टीमवर्क और बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया।
इस जीत पर विद्यालय के चेयरमैन एवं स्टेशन कमांडर, सिखलाई रेजीमेंट सेंटर ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने बताया कि टीम की सफलता में पीटीआई स्टाफ, कोच सुरेन्द्र सिंह परिहार, टीम मैनेजर कैलाश भट्ट और प्रबंधन से जुड़े चंचल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि यह जीत विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है और अब टीम ए.डब्ल्यू.ई.एस. के तत्वावधान में आयोजित कमांड स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने का लक्ष्य रखेगी।फतेहगढ़ की इस जीत से विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल है और खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर है।
क्लस्टर-4 अंडर-15 फुटबॉल में आर्मी पब्लिक स्कूल बना चैंपियन, फाइनल में बरेली को 3–2 से हराया


