लखनऊ। राजधानी में खानपान की आदतों को स्वस्थ दिशा देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए ) शहर के 18 प्रमुख स्थानों पर ‘नारियल अड्डे’ शुरू करने जा रहा है, जहां सिर्फ नारियल से बने उत्पाद ही उपलब्ध होंगे।
इस पहल के तहत शहरवासियों को आइसक्रीम, लड्डू, केक, बर्फी जैसे स्वादिष्ट लेकिन अपेक्षाकृत हेल्दी विकल्प मिलेंगे। एलडीए का दावा है कि इन अड्डों पर स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिससे स्ट्रीट फूड को एक नया और सुरक्षित रूप दिया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, इन नारियल अड्डों को शहर के व्यस्त इलाकों पार्क, बाजार और प्रमुख चौराहों पर स्थापित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। खासतौर पर युवाओं और फिटनेस को लेकर जागरूक वर्ग को ध्यान में रखकर मेन्यू तैयार किया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नारियल आधारित उत्पाद न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि इनमें हेल्दी फैट्स, मिनरल्स और ऊर्जा देने वाले तत्व भी होते हैं, जो फास्ट फूड के मुकाबले बेहतर विकल्प बन सकते हैं।
हालांकि, सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या ये अड्डे लंबे समय तक गुणवत्ता और कीमत के संतुलन को बनाए रख पाएंगे, या फिर यह योजना भी अन्य शहरी परियोजनाओं की तरह कुछ समय बाद ठंडी पड़ जाएगी?
फिलहाल, लखनऊ में ‘हेल्दी स्ट्रीट फूड’ की यह नई पहल चर्चा में है अब देखना होगा कि जनता इसे कितना अपनाती है।
लखनऊ में ‘हेल्दी फूड’ का नया प्रयोग: एलडीए खोलेगा 18 नारियल अड्डे, मिठास के साथ सेहत का वादा


