कासगंज
जनपद के सिढ़पुरा क्षेत्र में बीते बृहस्पतिवार आई तेज आंधी और तूफान के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल न हो पाने से ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। सरावल फीडर से जुड़े दर्जनों गांव अब भी अंधेरे में डूबे हुए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न मिलने से पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं ग्रामीणों में विद्युत निगम के प्रति आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आंधी-तूफान के चलते विद्युत उपकेंद्र सिढ़पुरा के अंतर्गत सरावल फीडर क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके चलते क्षेत्र के हीरापुर, आहनगर, नगला ढाकन, सैलई, मुईउद्दीनपुर, उतरना, जसमई, नोरी डिलोरी, धनाकर, नगला बादाम, खिरियापट्टी और भीकपुर सहित दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। दो दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को सबसे अधिक दिक्कत पेयजल को लेकर हो रही है। मोटर और सबमर्सिबल पंप बंद पड़े हैं, जिससे पानी की व्यवस्था चरमरा गई है। घरेलू कार्यों के साथ-साथ पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था भी मुश्किल हो गई है। किसानों को सिंचाई के लिए भी संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिससे फसलों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
रात के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं। पूरे गांव अंधकार में डूब जाते हैं, जिससे लोगों को न केवल असुविधा होती है, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विद्युत निगम को शिकायत देने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
गांव जसमई निवासी भूप सिंह गंगसारा ने बताया कि “आंधी आए दो दिन और दो रातें बीत गई हैं, लेकिन अभी तक गांव के टूटे हुए तार और खंभे ठीक नहीं किए गए हैं। रात में पूरा गांव अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे परेशानी बढ़ गई है।” वहीं, गांव उतरना के निवासी रजपाल का कहना है कि “बिजली न होने से घरेलू कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है और सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।”
इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता डीके मिश्रा ने बताया कि सिढ़पुरा फीडर की सप्लाई आंशिक रूप से चालू कर दी गई है, जबकि सरावल और पिलखुनी फीडर पर हाइड्रा मशीन की मदद से खंभे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।
फिलहाल, भीषण गर्मी और अंधेरे के बीच जूझ रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।


