मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): थाना क्षेत्र के नगला भुड़ (पोस्ट धीरपुर) निवासी 67 वर्षीय रामरतन लाल ने पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 2 मई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे की है, जब वह अपने घर के बाहर खड़े थे। आरोप है कि गांव के ही सुधीर, सुशील, सुमित और अजय पुत्रगण गिरीश चंद्र उनके घर के ऊपर से बिजली का केबल निकाल रहे थे। जब उनकी बहू कल्पना ने इसका विरोध किया, तो आरोपित घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
पीड़ित का कहना है कि शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के समय घर पर अन्य कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


