फर्रुखाबाद। जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेत में घास काट रहे एक ग्रामीण की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नगला पति गांव निवासी नेत्रपाल (38) पुत्र श्रीकृष्ण शुक्रवार शाम अपने खेत में घास काटने गए थे। खेत के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के पोल में अचानक करंट उतर आया। इसी दौरान पोल के पास काम कर रहे नेत्रपाल उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक को देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद भी विद्युत विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। लोगों का कहना है कि खुले और जर्जर विद्युत पोल व लाइनों की वजह से इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं।
मृतक के बड़े भाई विश्राम ने बताया कि नेत्रपाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। वह खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
खेत में घास काट रहे ग्रामीण की करंट लगने से दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम


