ममूटी और मोहनलाल स्टारर फिल्म ‘पैट्रियट’ 1 मई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही इसने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। फिल्म को रिलीज से पहले ही जबरदस्त क्रेज मिल रहा था, जिसका असर पहले दिन की कमाई पर साफ दिखाई दिया।
सेकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘पैट्रियट’ ने पहले दिन ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर लगभग 29.37 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं भारत में फिल्म ने करीब 9.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी मलयालम ओपनर बन गई है।
भारत में फिल्म को लगभग 2600 शोज मिले थे और सबसे ज्यादा शानदार प्रदर्शन केरल में देखने को मिला, जहां अकेले 8 करोड़ रुपये की कमाई हुई। बाकी राज्यों से फिल्म ने शेष कलेक्शन हासिल किया, जिससे इसकी ओपनिंग और भी मजबूत बन गई।
फिल्म ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में भी अपनी ताकत दिखा दी थी, जहां लगभग 10 करोड़ रुपये की प्री-बुकिंग दर्ज की गई थी। इससे साफ था कि दर्शकों में फिल्म को लेकर काफी उत्साह है और वही सिनेमाघरों में भी देखने को मिला।
दूसरे दिन भी फिल्म की रफ्तार बनी हुई है। शुरुआती ट्रेंड्स के अनुसार, ‘पैट्रियट’ लगातार कमाई कर रही है और दूसरे दिन सुबह तक इसका कुल कलेक्शन लगभग 11.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इंडिया नेट कलेक्शन भी 10 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है।
ऑक्यूपेंसी की बात करें तो फिल्म ने 251 शोज में लगभग 23% से अधिक दर्शक उपस्थिति दर्ज की है, जो एक स्थिर और मजबूत प्रदर्शन माना जा रहा है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई और बढ़ सकती है।


