खेत में घास काटते समय हुआ हादसा
फर्रुखाबाद
मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के चौकी मदनपुर अंतर्गत ग्राम नगला पती में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला पती निवासी स्वर्गीय कृष्ण पाल के 38 वर्षीय पुत्र नेत्रपाल एक साधारण किसान थे और अपने बड़े भाई बलराम के साथ रहकर खेती-किसानी का कार्य करते थे। शुक्रवार को दोपहर करीब 3:30 बजे वह घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित अपने खेत पर सफाई करने के लिए गए थे। खेत में लगे विद्युत पोल से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन ट्यूबवेल के लिए निकली हुई थी, जो हादसे का कारण बन गई।
बताया गया कि नेत्रपाल खेत में उगी घास को दरांती से काट रहे थे। इसी दौरान वह अनजाने में बिजली के संपर्क में आ गए और तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास कोई मौजूद न होने के कारण काफी देर तक घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
जब काफी समय तक नेत्रपाल घर वापस नहीं लौटे तो उनके बड़े भाई बलराम को चिंता हुई। वह उन्हें तलाशते हुए खेत पर पहुंचे, जहां उन्होंने नेत्रपाल को अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। स्थिति को समझते हुए तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई गई और पास जाकर देखा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना देर शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी मदनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। शनिवार को उप निरीक्षक बलबीर सिंह यादव द्वारा पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि नेत्रपाल अविवाहित थे और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपने भाई के साथ रहकर खेती से ही जीवनयापन करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खुले विद्युत तारों और पोलों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।


