– ड्रग नेटवर्क पर करारा प्रहार
हरदोई। पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत 4183.104 किलोग्राम अवैध डोडा को नष्ट कर दिया। इस डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6.27 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई 30 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।
जानकारी के मुताबिक नष्ट किया गया डोडा दो अलग-अलग मामलों से बरामद हुआ था। कोतवाली बिलग्राम के वर्ष 2021 के केस से 1683.304 किलोग्राम और कोतवाली देहात के वर्ष 2019 के मामले से 2499.8 किलोग्राम डोडा शामिल रहा। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में इस पूरे जखीरे को विनिष्टीकरण के लिए भेजा गया।
पूरी प्रक्रिया हरदोई के संडीला क्षेत्र स्थित एवी बायो मेडिकल वेस्ट सर्विस, ग्राम मलैया में लगे इन्सीनरेटर प्लांट में संपन्न हुई। मौके पर ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सत्येंद्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
डोडा नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी तरह वैज्ञानिक और बहु-स्तरीय रही। पहले अवैध पदार्थ को इकट्ठा कर उसमें मौजूद गैर-दहनशील सामग्री अलग की गई। इसके बाद प्रभावी दहन के लिए डोडा को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा गया। फिर इसे मुख्य दहन कक्ष में 800 से 1000 डिग्री सेल्सियस तापमान पर जलाया गया, जिससे पूरा डोडा राख और गैस में परिवर्तित हो गया।
दहन के बाद निकली गैसों को द्वितीयक कक्ष में दोबारा उच्च तापमान पर जलाया गया, ताकि किसी भी विषैले तत्व का पूर्ण नाश सुनिश्चित हो सके। अंत में गैसों को फिल्टर कर सुरक्षित रूप से वातावरण में छोड़ा गया और बची हुई राख का भी सुरक्षित निपटान किया गया।
‘ऑपरेशन दहन’ एक्शन: 6.27 करोड़ का अवैध डोडा जलाकर खाक


