30 C
Lucknow
Thursday, April 30, 2026

कांग्रेस ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी

Must read

 

फर्रुखाबाद। जिले में आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने भी संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व विधायक कायमगंज तथा पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद जल्द दौरा करेंगी ।

जिला अध्यक्ष शकुंतला देवी ने बताया कि यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और जनसंपर्क अभियान पर केंद्रित रहेगा। लुईस खुर्शीद विभिन्न गांवों और कस्बों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद करेंगी। वह बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगी और स्थानीय स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए आवश्यक सुझाव भी लेंगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावी तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों को समझकर उन्हें प्राथमिकता देना भी है। दौरे के दौरान गांवों में चौपाल बैठकों, कार्यकर्ता सम्मेलनों और महिला व युवा संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने और संगठन को नई ऊर्जा देने का प्रयास किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष के अनुसार, प्रतिदिन का कार्यक्रम निर्धारित कर सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक इसमें भाग ले सकें। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से अपील की है कि वे सक्रिय भूमिका निभाते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है और इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिले में कांग्रेस संगठन को पुनः सक्रिय करने के उद्देश्य से यह दौरा अहम साबित हो सकता है। लंबे समय से पहले निष्क्रिय पड़े कार्यकर्ताओं को जोड़ने और नए चेहरों को अवसर देने की रणनीति भी इस अभियान का हिस्सा हो सकती है।

लुईस खुर्शीद का यह दौरा न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा। बल्कि इससे पार्टी की भावी रणनीति की रूपरेखा भी तय होने की संभावना है। दौरे के समापन के बाद आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article