लखनऊ। राजधानी के बीचोंबीच एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां निर्माणाधीन भवन की खुदाई अचानक धंस गई और कई मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है। घटना आईजीपी चौराहा स्थित एनटीपीसी भवन के पास की बताई जा रही है, जहां अफरातफरी का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान अचानक जमीन धंस गई, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूर नीचे दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय साइट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मिट्टी धंसने से पहले कोई ठोस बैरिकेडिंग या सपोर्ट सिस्टम नहीं लगाया गया था, जिससे यह दुर्घटना और भी गंभीर हो गई।
फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीमें जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हैं। अभी तक कितने मजदूर दबे हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आशंका है कि संख्या अधिक हो सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। राजधानी में ही यदि इस तरह की लापरवाही सामने आ रही है, तो छोटे शहरों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
निर्माणाधीन भवन बना मौत का गड्ढा: मिट्टी धंसने से मजदूर दबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी


