लखनऊ
प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया।
बृहस्पतिवार की सुबह भी प्रदेश के कई इलाकों में ठंडी हवाओं और बादलों की मौजूदगी के कारण खुशनुमा माहौल देखने को मिला। लोगों ने लंबे समय से जारी गर्मी से राहत की सांस ली और मौसम का आनंद लिया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। करीब 35 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 11 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बुधवार को हुई बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, गोरखपुर में 19.2 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी और वाराणसी में 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अमेठी और आजमगढ़ में भी हल्की बारिश देखने को मिली, जबकि लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली जैसे जिलों में ओलावृष्टि की सूचना मिली।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार यह बदलाव मध्य क्षोभमंडल में उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण हुआ है। इसके प्रभाव से पूरे प्रदेश में मौसम में यह अस्थायी बदलाव देखने को मिला है।
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इनमें प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, कानपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और फसलों को नुकसान जैसी स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


