मैनपुरी
थाना बेवर क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात प्रेम प्रसंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां प्रेमिका से छिपकर मिलने पहुंचे युवक को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ गई। परिजनों की आहट मिलने पर युवक ने बचने के प्रयास में छत से खेत में छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से टूट गए। घटना के बाद वह पूरी रात मक्का के खेत में दर्द से कराहते हुए छिपा रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद औरैया के थाना अछल्दा क्षेत्र निवासी युवक मंगलवार शाम बेवर क्षेत्र में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। वह देर शाम प्रेमिका के घर के पास एक छत पर छिप गया और रात होने का इंतजार करने लगा। देर रात जैसे ही वह प्रेमिका की छत पर पहुंचा, किसी परिजन की नजर उस पर पड़ गई और शोर मच गया।
शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए और युवक का पीछा करने लगे। खुद को घिरता देख युवक ने छत से नीचे खेत की ओर छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके दोनों पैर टूट गए, लेकिन डर के चलते वह वहीं मक्का के खेत में छिप गया। पूरी रात वह दर्द से तड़पता रहा और किसी तरह सुबह होने का इंतजार करता रहा।
बुधवार तड़के युवक किसी तरह खेत से बाहर निकला, तभी गांव के कुत्ते उसके पीछे पड़ गए। वह घुटनों के बल चलते हुए गांव में एक रिश्तेदार के घर पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया। पूछताछ में युवक ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। हालांकि युवक की हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने उसके खिलाफ किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। बाद में युवक के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


