फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में इन दिनों जिला प्रशासन की सख्ती का असर साफ दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों के बीच यह चर्चा तेज है कि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर किसी भी समय औचक निरीक्षण कर सकते हैं। इसी आशंका को लेकर अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में साफ-सफाई, दवा वितरण, वार्ड व्यवस्था और ओपीडी सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी के चलते किसी भी समय निरीक्षण की संभावना को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुटा हुआ है।
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई अभियान तेज कर दिया गया है, वहीं दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की भी समीक्षा की जा रही है। स्टाफ के बीच निरीक्षण को लेकर हलचल बनी हुई है। माना जा रहा है कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई खामियां पाई जाती हैं तो संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई भी की जा सकती है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के प्रयास में जुटा हुआ है।


