प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग में सोमवार को बड़े पैमाने पर स्थानांतरण किए गए। विभाग ने 121 खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) समेत कुल 494 अधिकारियों और कार्मिकों को नई तैनाती दी है। तबादलों की जद में राजकीय कार्यालयों, संस्थानों, विशिष्ट संस्थानों और विद्यालयों में कार्यरत लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारी भी आए हैं।
विभागीय आदेश के मुताबिक 162 कनिष्ठ सहायकों और 166 वरिष्ठ सहायकों के अलावा तीन कार्मिकों, 19 प्रधान सहायकों, तीन प्रशासनिक अधिकारियों, 18 वैयक्तिक सहायकों और दो अनुवादकों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। इस तरह बीईओ के अतिरिक्त 373 लिपिकीय एवं अन्य कार्मिकों को नई जगह भेजा गया है।
प्रयागराज से चार बीईओ का गैर जनपद स्थानांतरण हुआ है। वरुण कुमार मिश्र को औरैया, अखिलेश वर्मा और राकेश कुमार यादव को झांसी तथा कैलाश सिंह को आगरा भेजा गया है। वहीं देवरिया से गोपाल मिश्र और लखनऊ से सुशील कुमार को प्रयागराज में नई तैनाती मिली है।
तबादलों के तहत कौशांबी, मथुरा, बुलंदशहर, बलिया, झांसी, बांदा, रायबरेली, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, कानपुर नगर, बहराइच, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, शाहजहांपुर, संतकबीरनगर, महराजगंज, फतेहपुर, गाजीपुर समेत कई जिलों के अधिकारियों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है। कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजे जाने से विभागीय स्तर पर बड़े फेरबदल की स्थिति बनी है।
स्थानांतरण सूची में फर्रुखाबाद का भी नाम शामिल है। अविनाश सिंह को जौनपुर से फर्रुखाबाद में तैनाती दी गई है, जबकि ओम प्रकाश पाल को फर्रुखाबाद से सीतापुर स्थानांतरित किया गया है। विभाग में एक साथ इतने बड़े पैमाने पर तबादलों के बाद नई तैनाती वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू होगी।


