जौनपुर
जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में होमगार्ड समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रायबरेली-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतहरिया के पास पुलिया के निकट हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा मछलीशहर क्षेत्र के पवारा से सवारियां लेकर मुंगरा बादशाहपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे खाई में पलट गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार मिश्र (53) निवासी सोहसा, थाना मुंगराबादशाहपुर, शिव शंकर शर्मा (53) निवासी धौरहरा, थाना मुंगराबादशाहपुर और बरसाती (42) निवासी गंगापुर, थाना मछलीशहर के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल राकेश बिंद (32) निवासी नंदापुर, मछलीशहर, प्रणव पांडेय (19) निवासी धौरहरा मुंगराबादशाहपुर और अजीत यादव (36) निवासी कटाहित खास, मछलीशहर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर डिवाइडर न होने के कारण ट्रक बीच सड़क से गुजर रहा था, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और डिवाइडर बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


