लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लंबे समय तक आर्थिक सलाहकार रहे प्रो. के.वी. राजू को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें देश की सर्वोच्च नीति निर्धारण संस्था नीति आयोग का पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंजूरी के बाद की गई है।
प्रो. के.वी. राजू करीब नौ वर्षों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्यरत रहे और उत्तर प्रदेश की आर्थिक नीतियों, निवेश योजनाओं तथा विकास परियोजनाओं में उनकी अहम भूमिका मानी जाती रही है। इससे पहले वे कर्नाटक सरकार के साथ भी आर्थिक सलाहकार के तौर पर काम कर चुके हैं, जिससे उन्हें विभिन्न राज्यों की आर्थिक संरचना का व्यापक अनुभव प्राप्त है।
केंद्र सरकार द्वारा किए गए इस पुनर्गठन में वरिष्ठ अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को नीति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रो. के.वी. राजू के साथ-साथ राजीव गौबा, प्रो. गोबर्धन दास, प्रो. अभय करंदीकर और डॉ. एम. श्रीनिवास को भी पूर्णकालिक सदस्य बनाया गया है।
नीति आयोग में यह नई नियुक्तियां ऐसे समय पर हुई हैं, जब केंद्र सरकार देश की आर्थिक वृद्धि, निवेश, रोजगार सृजन और राज्यों के साथ समन्वय को लेकर नई रणनीतियों पर काम कर रही है। ऐसे में प्रो. के.वी. राजू का अनुभव राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस नियुक्ति को उत्तर प्रदेश मॉडल के अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


