33 C
Lucknow
Saturday, April 25, 2026

एक ही रात चार घरों में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी पार

Must read

 

–चोरों ने डाक्टर व ठेकदार के मकानों को बनाया निशाना
— पुलिस की रात्रि पेट्रोलिंग पर उठ रहे सवाल

शाहजहांपुर। जनपद के थाना रोजा क्षेत्र के सल्लिया गांव में शुक्रवार रात चोरों ने ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देते हुए चार मकानों को निशाना बनाया। चोर नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर समेट ले गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी महेश शुक्ला के घर चोर जीने के रास्ते अंदर घुसे। उस समय महेश अपनी पत्नी के साथ बैठक में सो रहे थे, जबकि उनका छोटा बेटा अलग कमरे में था। चोरों ने पहले बैठक और बेटे के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवर चोरी कर लिए। इसी गांव के प्रदीप कुमार के घर में चोर पीछे के खाली मकान के सहारे दाखिल हुए। परिवार बरामदे में सो रहा था। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपये नकद और जेवर पार कर दिए। मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉ. महेंद्र कुमार के बंद मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। उनकी मां घर पर रहती हैं, लेकिन घटना के समय वह रिश्तेदारी में गई थीं। चोर छत के रास्ते अंदर घुसे और लोहे का जाल काटकर कमरे में प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि नकदी के साथ शादी के जेवर भी चोरी हो गए, जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है।
अश्वनी तिवारी के घर में भी चोर घुसे और गेहूं बिक्री के रखे 50 हजार रुपये नकद के साथ जेवर चोरी कर फरार हो गए। परिवार घर के दूसरे हिस्से में सो रहा था। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र किए। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि चार मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। तहरीर मिलने के बाद ही चोरी गई संपत्ति का सही आकलन हो सकेगा। पुलिस जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article