फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं का आलम सामने आया है। अस्पताल में लगे आरओ वाटर मशीनें खराब पड़ी हैं, जिन्हें अब तक ठीक नहीं कराया गया है। हैरानी की बात यह है कि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में लगा आरओ भी खराब हो चुका है।
दूर-दराज क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को इस तपती गर्मी में पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है।
अस्पताल परिसर में 20 लीटर के कैंपर में ओआरएस का घोल बनाकर रखा जा रहा है, लेकिन वह भी कुछ ही समय में खत्म हो जाता है। मरीजों का कहना है कि ओआरएस का घोल उनकी प्यास बुझाने में नाकाफी साबित हो रहा है। गर्मी और उमस के बीच पानी की कमी से मरीजों की हालत और बिगड़ने का खतरा बना हुआ है।
मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द आरओ मशीनों को ठीक कराने और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव बेहद चिंताजनक है।
भीषण गर्मी में लोहिया अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, खराब RO से मरीज बेहाल


