फर्रुखाबाद
जनपद की तहसील कायमगंज में रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अधिवक्ता बीते 17 अप्रैल हड़ताल पर हैं और यह विरोध प्रदर्शन भ्रष्टाचार तथा कथित रिश्वतखोरी के खिलाफ किया जा रहा है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर अनियमितताएं बढ़ रही हैं और न्याय व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता, किसान और वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि उपजिलाधिकारी कायमगंज अतुल कुमार सिंह द्वारा एक घटना को आधार बनाकर रेवेन्यू बार एसोसिएशन के कई अधिवक्ताओं अवनीश कुमार गंगवार, इन्द्रेश कुमार गंगवार, सर्वेश कुमार यादव समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह कार्रवाई एकतरफा और दुर्भावनापूर्ण है, जिसका उद्देश्य अधिवक्ताओं की आवाज को दबाना है। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से अधिवक्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस पूरे प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी फर्रुखाबाद, पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक कानपुर जोन, मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य उच्च अधिकारियों को पत्र के माध्यम से दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके चलते अधिवक्ताओं ने न्याय की मांग को लेकर हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि कुछ अधिकारी मनमाने तरीके से न्यायालय में बैठकर अधिवक्ताओं से धन वसूली कर रहे हैं, जो न केवल न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करता है बल्कि गरीब और जरूरतमंद वादकारियों के लिए भी बड़ी समस्या बन गया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि वे इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं, ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित हो सके।रेवेन्यू बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने समाचार माध्यमों से अपील की है कि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि संबंधित अधिकारियों पर दबाव बन सके और आम जनता को न्याय मिल सके।


