– स्टेज पर गिरे हालत गंभीर, आरोपी फरार
कायमगंज/फर्रुखाबाद। शादियों में दिखावे की संस्कृति ने एक बार फिर खून-खराबे का रूप ले लिया। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के परमानंद की बगीची (मैरिज होम) में चल रहे विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग ने दुल्हन पक्ष के परिवार को दहला दिया। फायरिंग में दुल्हन के जीजा गौरव सक्सेना को गोली लग गई, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर स्टेज पर ही गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना 24 अप्रैल की रात जय सक्सेना के विवाह समारोह के दौरान हुई, जो मोहल्ला जवाहरगंज निवासी प्रदीप सक्सेना के पुत्र बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जयमाल कार्यक्रम के दौरान स्टेज से करीब 50 मीटर दूर बैठे लोगों के बीच अचानक गोली चली। उसी दौरान चली गोली सीधे गौरव सक्सेना (निवासी बाजार कला, शमशाबाद) को जा लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयमाल स्थल के पास कुछ लोग बैठे थे, जिनमें एक स्थानीय नेता के साथ आए बाउंसर भी शामिल बताए जा रहे हैं। फायरिंग किसने की, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
गोली लगते ही गौरव सक्सेना गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन और मौजूद लोग उन्हें तत्काल फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला और कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भट्टी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मैरिज होम में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हर पहलू पर जांच की जा रही है।
शादियों में हर्ष फायरिंग पर पहले से प्रतिबंध होने के बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सवाल यह है कि आखिर पुलिस और प्रशासन की सख्ती जमीन पर क्यों नहीं दिखती? क्या रसूखदारों की मौजूदगी में नियमों को नजरअंदाज किया जाता है?
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी, लेकिन एक बात साफ है—एक खुशियों का माहौल चंद सेकंड में मातम में बदल गया।
मैरिज होम में हर्ष फायरिंग का खूनी खेल दुल्हन के जीजा को लगी गोली


