– सीएम योगी ने घोषित की 2-2 लाख की मदद
लखनऊ/सोनौली बॉर्डर। नेपाल के पिउठान जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने सीमा पार तक प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। हादसे में चालक समेत कुल 21 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक महिला और एक बच्ची की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद यूपी प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए नेपाल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत-बचाव अभियान को तेज कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक घायलों को तत्काल लुंबिनी सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी ने सीधे रूपनदेही के मुख्य जिला अधिकारी से बातचीत कर चिकित्सा और राहत व्यवस्था सुनिश्चित कराई। वहीं मौके पर सहायता के लिए एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद को रवाना किया गया है, जबकि एडीएम (एफ/आर) सोनौली बॉर्डर पर कैंप कर नेपाली प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।
राहत कार्य के तहत तत्काल 4 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और 10 अन्य एंबुलेंस भेजी गई हैं। साथ ही जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मेडिकल टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और घायलों के लिए बेड रिजर्व कर दिए गए हैं। नेपाल प्रशासन भी इस पूरे ऑपरेशन में सक्रिय सहयोग दे रहा है।
प्रशासन ने घायलों और मृतकों के परिजनों को नेपाल ले जाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर दिए हैं। जिलाधिकारी लगातार नेपाल प्रशासन के संपर्क में हैं और पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की है।
इस बीच मुख्यमंत्री ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
यूथ इंडिया ग्राउंड इनसाइट:
सीमा पार हादसे में यूपी प्रशासन की त्वरित सक्रियता ने राहत कार्य को गति दी है, लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर ऐसे हादसों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर सुरक्षा मानकों को कितना सख्ती से लागू किया जा रहा है।
अब नजर घायलों के इलाज और प्रशासनिक कार्रवाई पर है क्या जिम्मेदारी तय होगी या यह हादसा भी आंकड़ों में सिमट जाएगा।
नेपाल के पिउठान हादसे में 2 की मौत, 21 घायल: यूपी प्रशासन एक्टिव


