-चार वाहनों की भीषण टक्कर के बाद बोलेरो में लगी आग, कई शव पूरी तरह जलकर हुए राख
मिर्जापुर
रीवा–मिर्जापुर हाईवे की ड्रमंडगंज घाटी में बीती रात हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे इलाके को दहला गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका आग और धुएं से भर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद कार और बोलेरो में सवार लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे। करीब 10 मिनट तक वाहन के भीतर फंसे लोग जान बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन देखते ही देखते जोरदार धमाके के साथ बोलेरो और स्विफ्ट कार आग के गोले में बदल गई। आग इतनी भीषण थी कि बचाव का मौका तक नहीं मिल सका।
यह हादसा तब हुआ जब गिट्टी लदा ट्रेलर घाटी से नीचे उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार, फिर दाल लदा ट्रक और सबसे पीछे बोलेरो चल रही थी। अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी, जिससे कार ट्रेलर से जा भिड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो भी ट्रक से टकरा गई और आग लग गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि कोई भी नजदीक नहीं जा सका। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब जाकर बोलेरो से नौ जले हुए शव बरामद किए गए। कई शव इस कदर जल चुके थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
हादसे में बोलेरो सवार दो महिलाएं, दो बच्चे और कई पुरुषों की मौत हुई है। इसके अलावा स्विफ्ट कार चालक और ट्रक का खलासी भी जान गंवा बैठे। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान घायल ट्रक चालक की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई।
प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी वाहनों की पहचान कर ली गई है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस दुर्घटना के कारणों और लापरवाही की गहन जांच में जुटी हुई है।


