फर्रुखाबाद
थाना जहानगंज क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था की पोल खोल दी है। ताजा मामला गांव मधवापुर का है, जहां बीती रात चोरों ने नन्ही पत्नी महावीर के घर को निशाना बनाते हुए दरवाजे की कुंडी तोड़कर करीब 50,000 नगद, तोड़िया, कुंडल, झाले समेत सोने-चांदी के जेवरात साफ कर दिए। बताया जा रहा है कि यह नगदी पीड़िता ने मकान निर्माण के लिए हाल ही में बैंक से निकाली थी, जिसे चोरों ने आसानी से पार कर दिया।
चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने गांव के मिनी स्वास्थ्य केंद्र का भी ताला तोड़ दिया। वहीं रामकिशन के घर में भी चोर घुसने का प्रयास किया, लेकिन घरवालों के जाग जाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। एक ही रात में कई जगह वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
गौरतलब है कि 19 अप्रैल को इसी थाना क्षेत्र के गांव जरारी से एक बाइक चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही घटनाएं यह साफ इशारा कर रही हैं कि जहानगंज पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
इतना ही नहीं, क्षेत्र में पहले से ही कई बड़ी घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। कोरी खेड़ा में हुए सनसनीखेज नैनिहाल हत्याकांड का अब तक पर्दाफाश नहीं हो सका है, जबकि कमाल खां मेले में हुई कुंडल और जंजीर लूट की घटना के आरोपी भी खुलेआम घूम रहे हैं। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एडीजी कानपुर आलोक सिंह ने हाल ही में संबंधित पुलिस टीम को तलब कर सख्त नाराजगी जताई थी।
लगातार बढ़ते अपराध और पुलिस की सुस्त कार्यशैली से आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर कब जागेगी जहानगंज पुलिस और कब मिलेगा लोगों को सुरक्षा का भरोसा? फिलहाल हालात यह हैं कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरती नजर आ रही है।


