29 C
Lucknow
Wednesday, April 22, 2026

अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 13 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 13 वर्षीय साइकिल सवार छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के बाद छात्र की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम समसपुर निवासी सुरेश चंद्र का 13 वर्षीय पुत्र गोपी किशन, जो कक्षा 8 का छात्र था, बुधवार को अपनी बहन राधा के साथ शमशाबाद में पाठ्य-पुस्तकों की खरीदारी के लिए आया था। खरीदारी करने के बाद दोनों भाई-बहन साइकिल से अपने घर वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के गांव नैगमा और छिछोनापुर के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप के पास, अचानक पीछे से आए एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्र सड़क पर गिर पड़ा और उसके ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसकी बहन दूर गिरने के कारण बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद छात्र की हालत बिगड़ती देख उसकी बहन घबराकर चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो चुका था।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद भिजवाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सरवर इकबाल ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता सुरेश चंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और पास के एक ईंट भट्टे पर कार्यरत हैं। बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही मां रीना देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों—राधा, मोहन, विवेक आदि का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि गोपी किशन अपने परिवार में दूसरे नंबर का था।
सूचना पर पहुंची शमशाबाद थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article